Dark Mode
Logo

अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में ‘मोहब्बत की दुकान’ से राहुल गांधी का बड़ा हमला, कहा- PM मोदी को लगता है उन्हें सबकुछ पता है

राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अमेरिका के दौरे पर हैं। बुधवार को राहुल गांधी ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला किया। इसके साथ साथ उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इसे रोकने के प्रयास किए गए। देश में लोगों को डराया धमकाया जा रहा है और संस्थाओं का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। 

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी को लगता है कि उन्हें सब कुछ पता है। वो साइंटिस्ट को साइंस समझा सकते हैं। वो भगवान को भी समझा सकते हैं। कुछ लोगों को लगता है कि भगवान से ज्यादा उन्हें पता है। भारत में अलग भाषा, अलग धर्म के लोग एक साथ रहा करते थे, ये सोच गलत है कि एक इंसान को सब कुछ पता है, ये एक बीमारी है। हमारे देश में कुछ समूह हैं, जिन्हें लगता है, उन्हें सब पता है, शायद भगवान से भी ज्यादा पता है।  

 

अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में मोहब्बत की दुकान कार्यक्रम में भारतीयों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, मैंने भारत जोड़ो यात्रा के जरिए नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोली है। यात्रा के दौरान लोगों ने मुझसे पूछा कि आपको थकान नहीं होती है। मैंने कहा कि नहीं, मेरे साथ पूरा भारत चल रहा है। 

 

राहुल ने कहा कि उस वक्त जो प्यार मिल रहा था, उस दौरान किसी को थकान नहीं हो रही थी। एक दूसरे की मदद हो रही थी। जब कोई आपके साथ चलने लगे तो एक अलग तरह की एनर्जी मिलने लगती है। रोकने की तमाम कोशिशों के बाद भी यात्रा पूरी हुई। हलांकि, बाद में पता चला कि यात्रा में पैदल चलना इतना आसान नहीं था। 

 

राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस संविधान पर हमला कर रहे हैं। वहीं, नए संसद भवन का मुद्दा, बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों ध्यान भटकाने के लिए है। देश में मुसलमानों पर लग रहा है कि उन पर ज्यादा हमले हो रहे हैं। जबकि भारत नफरत में विश्वास नहीं करता है। राहुल गांधी अपने 10 दिनों के दौरे के लिए मंगलवार की रात अमेरिका पहुंचे हैं । 10 दिनों में राहुल गांधी कई अलग-अलग कार्यक्रम में शामिल होंगे। 

 

राहुल ने कहा कि देश में आज जो मुस्लिमों के साथ हो रहा है वो 80 के दशक में दलितों के साथ हुआ था। हमें प्यार से इससे जीतना होगा, नफरत से नहीं। उन्होंने भारतीय मीडिया पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि भारत दरअसल वो नहीं है जो मीडिया दिखाता है, मीडिया नरेटिव को प्रोमोट करता है।

Share this article on WhatsApp, LinkedIn and Twitter

Comment / Reply From